News APP

NewsApp (Free)

Read news as it happens
Download NewsApp

Available on  gplay

This article was first published 4 years ago
Rediff.com  » Movies » 'बिग बॉस भारत को बर्बाद कर रहा है'

'बिग बॉस भारत को बर्बाद कर रहा है'

By सैयद फ़िरदौस अशरफ़
October 14, 2019 23:06 IST
Get Rediff News in your Inbox:

'सलमान ख़ान को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ़्तार किया जाना चाहिये, क्योंकि वो भारतीय संस्कृति को नष्ट कर रहा है।'

फोटोग्राफ: Colors/Twitter के सौजन्य से

बिग बॉस, एक बेहद लोकप्रिय रिऐलिटी शो, जिसके मेज़बान सलमान ख़ान हैं, हमेशा से ही विवादों में घिरा रहा है, और इस साल भी इस पर एक नया बखेड़ा शुरू हो गया है।

नंद किशोर गुर्जर, उत्तर प्रदेश की लोणी विधानसभा सीट के विधायक ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर को इस शो का प्रसारण तुरंत बंद किये जाने की लिखित अर्ज़ी दी है और कहा है कि यह  'अश्लीलता फैला रहा है और और भारतीय की सामाजिक नैतिकता को ठेस पहुंचा रहा है'।

जावडेकर को लिखे गये अपने इस पत्र में, गुर्जर ने लिखा है कि, 'यह शो देश की सांस्कृतिक परंपराओं के ख़िलाफ़ है और इसमें बेहद आपत्तिजनक दृश्य दिखाये जाते हैं। अलग-अलग धर्मों के जोड़े एक ही बिस्तर पर सुलाये जा रहे हैं, जो कि बेहद आपत्तिजनक है।

"बिग बॉस के बाद, लव जिहाद को बढ़ावा मिलेगा," गुर्जर ने सैयद फ़िरदौस अशरफ़/रिडिफ़.कॉम से कहा।

आपने सूचना एवं प्रसारण मंत्री से बिग बॉस  की शिकायत क्यों की है?

इस रिऐलिटी शो में सहभागियों द्वारा किया गया एक कार्य 'बेड फ्रेंड्स फोरेवर' भारतीय संस्कृति के ख़िलाफ़ है। अविवाहित लड़के-लड़कियों को एक ही बिस्तर पर सुलाया जा रहा है, जो कि बेहद अभद्र है।

जहाँ एक ओर देश विकास की राह पर है, वहीं दूसरी ओर ये लोग बच्चों और किशोरों के मन को भटका रहे हैं, और बलात्कार की घटनाऍं होने का यही कारण है।

इतना ही नहीं, प्रोग्राम में एक ब्राह्मण लड़की और एक कश्मीरी मुसलमान लड़का है। इससे लव जिहाद होता है। बिग बॉस  लव जिहाद को बढ़ावा दे रहा है।

अक्षय कुमार देशभक्ति की फिल्में बनाते हैं, लेकिन सलमान ख़ान बिग बॉस  के माध्यम से अश्लीलता फैला रहा है।

मुझे ख़ुशी है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शो को सूचना भेजी है। मैं सलमान ख़ान पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाये जाने की मांग करता हूं।

रासुका! यह तो काफ़ी हास्यास्पद लगता है! क्या आपको लगता है कि सलमान ख़ान ने इतना बड़ा जुर्म किया है?

अगर सलमान ख़ान भारतीय संस्कृति को नष्ट कर रहा है, तो उसे रासुका के तहत गिरफ़्तार किया जाना चाहिये।

यह राष्ट्रद्रोह है। वह नयी पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है।

इस तरह के कार्यक्रमों के प्रसारण से जुड़े नियम बदले जाने चाहिये। बिग बॉस  जैसे कार्यक्रमों के कारण ही भारत चुनौतियों का सामना कर रहा है।

आपके द्वारा बताया गया ब्राह्मण लड़की और मुसलमान लड़के का मामला क्या है?

आप प्रोग्राम देखिये, इसके एपिसोड 13 में एक ब्राह्मण लड़की और एक कश्मीरी मुसलमान लड़का है। इससे भारतीय लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

प्रधान मंत्री मोदीजी भारतीय संस्कृति का दुनिया भर में प्रचार कर रहे हैं और हमारी संस्कृति आज पूरी दुनिया में फैल चुकी है। मुझे ख़ुशी है कि सरकार ने मेरी शिकायत पर ग़ौर किया और चैनल को सूचना भेजी।

सलमान ख़ान को तो उनके दान-धर्म के लिये जाना जाता है और आप उन्हें राष्ट्रद्रोही बुला रहे हैं।

बाक़ी दो ख़ान (शाहरुख़ ख़ान और आमिर ख़ान) किसी काम के नहीं, लेकिन मैं सलमान के अच्छे कामों का शुरू से ही प्रशंसक रहा हूं। लेकिन बिग बॉस  देखने के बाद अब मुझे संदेह होने लगा है।

सलमान अविवाहित लड़के-लड़कियों को एक ही बिस्तर पर सुला रहे हैं, जो भारतीय संस्कृति के ख़िलाफ़ है।

मुझे लगता है इस धारावाहिक को विदेश से पैसे मिलते हैं।

बिग बॉस  को विवादों के लिये जाना जाता है। पहले भी ऐसी समस्याऍं हो चुकी हैं। तो आप अभी क्यों उत्तेजित हो रहे हैं?

कृपया आप बिस्तर का दृश्य देखिये। यह बेहद शर्मनाक है। अब पानी सर से गुज़र गया है। मनोरंजन ठीक है, लेकिन मनोरंजन सीमाओं के भीतर होना चाहिये।

व्यक्तिगत और रचनात्मक स्वतंत्रता का क्या?

आपको अपनी सीमा पता होनी चाहिये। यह कोई आज़ादी नहीं है। आप लड़के-लड़कियों को शादी से पहले हमबिस्तर होना सिखा रहे हैं। और इसे टीवी पर दिखाया जा रहा है। आप भारत के युवा लड़के-लड़कियों को यही सीख दे रहे हैं?

हमारे देश की स्थिति इतनी ख़राब है 8वीं की लड़की का बलात्कार हो रहा है।

Aseem Riyaz, a Kashmiri male actor, is one of the participants in the reality show in which he is made to share a bed with Mahira Sharma. Photograph: Kind courtesy Colors/Twitter

फोटो: असीम रियाज़, एक कश्मीरी अभिनेता इस रिऐलिटी शो का हिस्सा हैं, जिसमें उन्हें माहिरा शर्मा के साथ एक ही बिस्तर पर सोने के लिये कहा गया। फोटोग्राफ: Colors/Twitter के सौजन्य से

लेकिन लिव-इन रिलेशनशिप्स आज के भारतीय समाज का एक हिस्सा हैं।

यह ग़लत है। लेकिन बिग बॉस  देखने के बाद लव जिहाद को बढ़ावा ज़रूर मिलेगा। बलात्कार और अपराध और बढ़ जायेंगे।

पीएम मोदी राष्ट्र निर्माण करने में लगे हैं और बिग बॉस भारत को नष्ट करने में।

अगर आपको बिग बॉस पसंद नहीं है तो आप देखते क्यों हैं? चैनल बदल लीजिये। आपके पास विकल्प है।

अगर कोई बलात्कार कर रहा हो, तो क्या मैं जाकर उसे रोकने की कोशिश नहीं करूंगा?

मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है और समाज के प्रति उसकी कई ज़िम्मेदारियाँ हैं। मैं इन ज़िम्मेदारियों को कैसे अनदेखा कर दूं? इस तरह के अश्लील प्रोग्राम्स को रोकना हमारी ज़िम्मेदारी है।

लेकिन यह कार्यक्रम वयस्कों के लिये है और टेलीविज़न पर देर रात में आता है।

इसका समय अब बदल गया है; अब इसे प्राइम टाइम में दिखाया जाता है। प्राइम टाइम में ये लोग लड़के-लड़कियों को हमबिस्तर होते दिखा रहे हैं!

मनोरंजन सीमाओं के भीतर होना चाहिये। साथ ही, बिग बॉस में इस्तेमाल की जाने वाली अभद्र भाषा पर भी ग़ौर कीजिये। लोग भारत में आकर 'हरे राम, हरे कृष्ण' बोलना सीखते हैं, और इस सीरियल के कारण पता नहीं क्या सीख कर जायेंगे।

मैं चाहता हूं कि इस शो पर रोक लगा दी जाये और इन सभी लोगों को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ़्तार किया जाये।

रासुका लगाना तानाशाही होगी, आपको ऐसा नहीं लगता?

अगर देश हित में हो, तो आपको ऐसा ज़रूर करना चाहिये। अगर किसी की बेटी का बलात्कार हो जाता है, तो उसकी ज़िंदग़ी हमेशा के लिये ख़राब हो जाती है।

हमारे देश में हमारी पत्नी के अलावा सभी अन्य महिलाओं को हम अपनी बहनों, माँओं या मौसियों की नज़र से देखते हैं। हमारे यहाँ बिग बॉस जैसे प्रोग्राम्स की जगह कहाँ है? इसे बैन किया जाना चाहिये।  

Get Rediff News in your Inbox:
सैयद फ़िरदौस अशरफ़
Related News: 1